
सोलन। भारी बरसात के कारण वर्ल्ड हेरिटेज कालका शिमला ट्रैक पर टकसाल के पास भूस्खलन से रेल यातायात करीब चार घंटे तक ठप रहा। सुबह 10 बजे से दोपहर 2.00 बजे तक ट्रेनों की आवाजाही थमी रही। करीब 150 यात्री ट्रेन में ही फंसे रहे। मलबा इतना ज्यादा था की रेल विभाग के कर्मचारियों को ट्रैक साफ करते चार घंटे लग गए। बड़ी मशक्कत के बाद करीब दो बजे ट्रैक खोला किया गया। उसके बाद ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो सकी। मलबा गिरने से चार रेलगाड़ियां भी रद करनी पड़ी, जिसमें 52453, 54 अपडाउन, 52451ए, अपमिक्स रहीं। रद हुई रेलगाड़ियों की सवारियों को 02453 व 52455 गाड़ियों में शिफ्ट किया गया। इसकी पुष्टि टकसाल रेलवे स्टेशन मास्टर ओमप्रकाश ने की।
हावड़ा मेल तीन घंटे आई लेट
हावड़ा ट्रेन के देरी हो जाने की वजह से वीरवार को कालका शिमला ट्रैक की सभी रेलगाड़ियों को करीब तीन घंटा लेट किया गया। हावड़ा का समय कालका स्टेशन पहुंचने का सुबह करीब 4 बजे का है। वहीं, ट्रेन 7.00 बजे के करीब पहुंची। कालका शिमला ट्रैक पर चलने वाली सभी गाड़ियों का लिंक दिल्ली से आने वाली गाड़ियों के साथ रखा जाता है। अधिकांश सवारियां हावड़ा मेल में ही पहुंचती हैं। इसकी पुष्टि सोलन रेलवे स्टेशन मास्टर सुरेंद्र परमार ने की।
