
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। मई में धर्मशाला स्थित एक ट्रेवल एजेंसी से चिंतपूर्णी माता के दर्शनों के लिए कार किराए पर लेने के बाद चालक की धुनाई करके कार समेत फरार होने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को पकड़ लिया है। तीसरे आरोपी की पहचान दिलबाग सिंह निवासी कलानौर जिला गुरदासपुर के हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपी को 22 जुलाई तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार कर चुकी है।
मई माह में धर्मशाला के एक ट्रेवल एजेंसी से कुछ लोगों ने चिंतपूर्णी मंदिर जाने के लिए स्विफ्ट डिजायर कार किराए पर ली। कार में दो पुरुष और एक महिला को लेकर चालक बशीर अहमद चिंतपूर्णी की ओर करीब साढे़ छह बजे चल पड़ा। रात के करीब नौ बजे ढलियारा से करीब चार किमी दूर एक रेस्टोरेंट के निकट चालक को कार रोकने के लिए कहा। इसी दौरान एक व्यक्ति ने चालक के मुंह पर किसी ठोस वस्तु से जोरदार प्रहार करके चालक को करीब 15-20 फुट गहरी खाई में फेंक दिया और आरोपी कार को लेकर फरार हो गए थे। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
