
नूरपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत पड़ते गंगथ में रविवार रात कुछ शरारती तत्वों ने एक कार पर पत्थर मार दिया, जिससे कार में सवार महिला घायल हो गई। पीड़ित महिला की पहचान अंजू बाला पत्नी कुलविंद्र सिंह निवासी डडवाड़ा (अनोह) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता अंजू बाला का दो माह का बच्चा रविवार रात अचानक बीमार हो गया तथा वह अपनी सास व जेठ के साथ बच्चे को लेकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगथ में लाईं। बच्चे के उपचार के बाद जब वह वापस कार में बैठ अपने घर की तरफ जा रहे थे तो अचानक गंगथ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी कार पर पत्थर फेंक दिया जो सीधे पीड़िता के सिर पर लगा। घायल अंजू को गंगथ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। महिला के सिर पर 6 टांके लगे, जबकि कार के शीशे के टुकड़े गिरने से उसका दो माह का बच्चा भी घायल हो गया। घटना के बाद गंगथ पुलिस चौकी की टीम ने पीड़िता के बयान दर्ज किए। हैरानी की बात है कि जिस स्थान पर कार को पत्थर लगा, वह स्थान पुलिस चौकी से 100 मीटर की दूरी पर है। उस समय पुलिस का नाका गंगथ में लगा हुआ था। बावजूद इसके अभी तक आरोपी का कोई पता नहीं चला है। डीएसपी मनोज जोशी ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की सोमवार को नूरपुर सिविल अस्पताल में स्कैनिंग करवाई है तथा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में गंगथ पुलिस चौकी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
