कार, नकदी नहीं देने पर घर से निकाला

लक्सर। दहेज में आल्टो कार और 50 हजार रुपये नहीं देने से गुस्साए पति और अन्य ससुरालवालों ने एक विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस संबंध में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने महिला के पति और अन्य ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित शुगर मिल कालोनी निवासी आजरा की शादी 27 जुलाई 2007 को कुडाना शामली उत्तर प्रदेश निवासी इमरान के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालवाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। ससुराल वाले उससे ने दहेज में आल्टो कार और 50 हजार रुपये लाने की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं करने पर आरोपियों ने पिछली 17 जुलाई को उसे बुरी तरह से मारपीट कर घर से निकाल दिया। विवाहिता ने मायके पहुंचकर इस घटना के बारे में पुलिस को तहरीर दी पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। आखिर महिला को अपना हक पाने के लिए कोर्ट में प्रार्थनापत्र देना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति इमरान, इकबाल, जमीला और शाईना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Related posts