कार दुर्घटना में पूर्व प्रधान की मौत

जुब्बल। एक कार दुर्घटना में सोमवार शाम को गिल्टाड़ी पंचायत के पूर्व प्रधान कृष्ण कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटना के मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कृष्ण कुमार (55) सोमवार शाम अपनी आल्टो कार में रोहड्ू से घर की ओर जा रहे थे कि अंटी से करीब दो किलोमीटर आगे भालूक्यार मोड़ पर उनकी कार खाई में लुढ़क गई। हादसे के दौरान कार में वह अकेले सवार थे। दुर्घटना का पता चलने पर आसपास से लोग मौके पर पहुंचे। शाम करीब सवा छह बजे सरस्वती नगर पुलिस चौकी को घटना की सूचना मिली। लोगों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही कृष्ण कुमार की मौत हो चुकी थी। परिजनों को सूचना देने के बाद मृतक के शव को जुब्बल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया गया। मंगलवार सुबह मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा गया। छानबीन के दौरान हादसे के कारण का पता नहीं चला है।
डीएसपी राजकुमार चंदेल ने कार हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में हादसे के कारण का पता नहीं चला है। डीएसपी ने कहा कि हादसा तेज रफ्तार से होने की आशंका है।

Related posts