कार छोड़ सामान से भरी जीप ले उड़े चोर

कंडवाल (कांगड़ा)। नूरपुर के पास गनोह इलाके में सोमवार रात्रि तेल और घी से भरी जीप छीनकर लुटेरे फरार हो गए। हैरत की बात यह है कि शातिर अपनी कार वहीं छोड़ गए। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जीप में डेढ़ लाख से अधिक का सामान था। लूट का शिकार जिला ऊना निवासी हुआ है। कार चोरी की है या निजी, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
जीप (एचपी 19 सी 7303) के चालक विशाल निवासी मोआ (ऊना) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह चिंतपूर्णी से डमटाल मंडी में सामान लेने आया था। उसने बताया कि पिकअप में सामान भरकर जब वह चिंतपूर्णी वापस जा रहा था तो सोमवार रात करीब पौने 9 बजे गनोह की चढ़ाई पर पीछे से आ रही कार में सवार 4-5 बदमाशों ने उसकी गाड़ी रोकी और उससे छीना-झपटी की। बदमाश उसकी तेल व घी से भरी गाड़ी छीनकर जसूर की तरफ फरार हो गए। इसी दौरान बदमाश उससे 5-6 हजार रुपये की नकदी भी छीन कर ले गए। इस छीना-झपटी के दौरान बदमाश अपनी कार (डीएल 5 सी 2620) वहीं छोड़ गए। पीड़ित चालक काफी समय तक लिफ्ट का इंतजार करता रहा। काफी समय बाद वह नूरपुर थाने औ पहुंचा और पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने तुरंत सभी पुलिस चौकियों को अलर्ट कर आरोपियों की तलाश शुरू की। अभी तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बदमाशों की कार को अपने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 382 व 34 के तहत मामला दर्ज कर बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है। गाड़ी और सामान का मालिक चिंतपूर्णी (ऊना) निवासी महेश कालिया है।

Related posts