कार खाई में लुढ़की, युवती की मौत

पुखरी (चंबा)। चंबा-पुखरी मार्ग पर ईंड नाला के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार में सवार एक युवती की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक शनिवार सायं पौने चार बजे के करीब कार नंबर एचपी 01-0754 चंबा से तीसा जा रही थी। इस दौरान बालू के पास गांव मोहड़ी नाला पंचायत प्राहन्वीं के लिए बस के इंतजार में खड़ी युवती कविता पुत्री नरेश कुमार को कार चालक ने लिफ्ट दे दी। जब वे दोनों ईंड नाला के पास पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर खाई मे जा गिरी। हादसे में कार चला रहा युवक बशीर मोहम्मद पुत्र शुक्रदीन गांव छेतरी पंचायत हिमगिरी जैसे-तैसे कार से निकल कर ऊपर सड़क पर पहुंचा तो वहां से गुजर रहे टैक्सी चालक को उसने बताया कि कार नीचे गिर गई है। इसमें युवती भी सवार थी। इस पर जब युवती को कार से निकाला गया तो उसकी हालत काफी गंभीर थी। उसे जिला अस्पताल चंबा ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवती को सिर और पेट पर गंभीर चोटें लगी थीं। युवक की हालत ठीक है। उसे कंधे पर चोट लगी है। उधर, एसडीएम बचन सिंह व तहसीलदार मनोज कुमार ने लड़की के पिता को ढांढस बंधाया और दस हजार रुपए की फौरी राहत राशि भी प्रदान की। पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है

Related posts