
पुखरी (चंबा)। मसरूंड-चंबा मार्ग पर एक आल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। इससे कार में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार रात को करीब 11 बजे एक आल्टो कार एचपी 48-9232 झुलाड़ा से भद्रम की ओर आ रही थी। इस दौरान मसरूंड-चंबा मार्ग पर पुना के पास कार अनियंत्रित होकर लगभग 800 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इससे कार में सवार अनिल कुमार उर्फ विक्की पुत्र सालिंग राम निवासी भद्रम की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इसके बाद युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक बीएम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को घटनास्थल पर भेज दिया था। इसके बाद मृतक का पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिजनों को सौंप दिया है।
……….
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पुखरी (चंबा)। मसरूंड-चंबा मार्ग पर सड़क हादसे में मारे गए अनिल कुमार उर्फ विक्की के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अनिल कुमार अपने पीछे अपनी पत्नी वंदना, एक छोटी बहन व दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। जानकारी के मुताबिक विक्की के पिता सालिंग राम की लगभग सात साल पहले मौत हो चुकी है। इसके अलावा लगभग डेढ़ साल पहले उसकी माता की भी मौत हो चुकी है। घर की सारी जिम्मेदारी विक्की के सिर पर थी। छोटी बहन की शादी करवाने की जिम्मेदारी सहित बच्चों का पालन-पोषण करने का जिम्मा उस पर ही था। कार हादसे में विक्की की मौत ने परिवार को बेसहारा कर दिया है।
