
त्यूणी (देहरादून)। मझौग के पास अनियंत्रित कार के खाई में गिरने से एक महिला की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। राजस्व पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भर परिजनों को सौंप दिया है।
मंगलवार सुबह गांव जगथेली रोहड़ू निवासी हरिद्वार से लौट रहे थे कि त्यूणी-आराकोट मार्ग पर मझौग के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने राजस्व पुलिस को सूचना दी। जब तक राजस्व पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, तब तक ईश्वरी देवी (53) पत्नी गिरधारी लाल दम तोड़ चुकी थीं। अन्य घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी लाया गया। उनकी पहचान ज्योति लाल पुत्र हिना गिरी, शिशुपाल पुत्र गिरधारी लाल, प्रभु दयाल पुत्र पन्ना लाल और रोशनी देवी निवासी गांव जगथेली रोहड़ू के रूप में हुई। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रोहड़ू रेफर कर दिया गया है।
