
सांगला (किन्नौर)।(विशेश्वर नेगी) किन्नौर जिले के निचार खंड में काचे के पास प्लंगी-निचार सड़क मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक कार के बर्फ में फिसल कर खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस थाना भावानगर से मिली जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब शुक्रवार रात एचपी-26 ए 1583 कार भावानगर से निचार की ओर जा रही थी कि काचे के पास बर्फ में फिसलने से सड़क से करीब 150 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन मालिक और चालक परमा नंद नेगी 60 वर्ष गांव काश्पों निचार और चंद्र प्रकाश नेगी 28 वर्ष, गांव ग्रांदे निचार को घायल अवस्था में स्थानीय लोगों और भावानगर पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर में उपचार के लिए पहुंचाया। अब दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है। इसकी सूचना उसी सड़क मार्ग पर सफर कर रहे सूरज नेगी सुंगरा निवासी ने भावानगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भावानगर प्रकाश नेगी की अगुवाई में टीम और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। मामले की पुष्टि डीएसपी किन्नौर केके वर्धन ने की है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में कीचड़ और फिसलन के वजह से दुर्घटना हुई लग रही है।
