
गोहर (मंडी)। करसोग के रोहांडा के लटोगली गांव के पास सोमवार सुबह आल्टो कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। कार में सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को रोहांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सुंदरनगर रेफर किया गया।
हादसा सोमवार सुबह हुआ। ऑल्टो कार (पीबी 07टी- 0774) रोहांडा से चैलचौक की ओर आ रही थी। इसमें चालक समेत चार लोग सवार थे। लटोगली मंदिर से थोड़ी दूरी पर कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बंदली गांव निवासी रमेश चंद की मौके पर मौत हो गई। संगली गांव निवासी महेंद्र सिंह ने रोहांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायल कार चालक नेकराम निवासी लटोगली और खेमराज निवासी सिल्ह को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी रोहांडा पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को सुंदरनगर रेफर किया गया।
दुर्घटना का पता लगते ही लटोगली गांव के ग्रामीण आनन-फानन में बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घायलों को सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस से घायलों को रोहांडा अस्पताल ले जाया गया। प्रशासन की ओर से एसडीएम गोहर दिले राम धीमान ने मृतकों के परिजनों को 15-15 हजार तथा घायलों को 5-5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।
गोहर थाना प्रभारी नवीन झालटा ने बताया कि पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पूर्व सीपीएस टेक चंद डोगरा, मंडी संसदीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजू डोगरा, शिल्हणु पंचायत के उप प्रधान भीम सिंह ठाकुर ने हादसे पर दुख प्रकट किया है।
