कार्यालय शिफ्ट किया तो करेंगे संघर्ष : गुलाब

चौंतड़ा (मंडी)। जोगिंद्रनगर के विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा शासनकाल में चौंतड़ा में आईपीएच विभाग का मंडल कार्यालय खोलने की घोषणा की गई थी। इसके लिए प्रशासनिक कार्रवाई भी शुरू की गई थी। सरकार बदलने के बाद कांग्रेस की ओर से भेदभाव के चलते आईपीएच सेक्शन चौंतड़ा को शिफ्ट या बंद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रेसवार्ता में गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार ऐसा करने का निर्णय लेगी तो संघर्ष का बिगुल बजाया जाएगा।
विश्राम गृह में ग्राम पंचायत टिक्करी का प्रतिनिधिमंडल बूथ अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार तथा पंचायत प्रधान सुंदर लाल की अध्यक्षता में विधायक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को गत दिनों बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में जानकारी दी तथा क्षतिग्रस्त खज शमशानघाट की दशा सुधारने के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। ग्राम पंचायत सगनेहड़ का शिष्टमंडल अमन बिष्ट और संदीप ठाकुर की अध्यक्षता में उनसे मिला। उन्होंने बताया कि ऊपर नागन में महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए गत वर्ष लगभग डेढ़ लाख रुपये की राशि जारी की गई तथा आगामी कार्य के लिए राशि जारी की जाए। हिम टैक्सी यूनियन चौंतड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने यूनियन अध्यक्ष पवन त्यागी की अध्यक्षता में अपनी समस्याएं रखी। विधायक ने शमशानघाट खज की रिपेयर के लिए एक लाख, नागण महिला मंडल भवन के कार्य को आगे बढ़ाने के लिए एक लाख तथा टैक्सी यूनियन को जगह मिलने के उपरांत केबिन निर्माण के एक लाख विधायक निधि से देने की घोषणा की है।

Related posts