कार्यकर्ताओं की झड़प पर क्रास एफआईआर

भवारना-धीरा (कांगड़ा) (इंदु जम्वाल)आम आदमी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मंगलवार को धीरा में हुई झड़प ने चुनावी रंग ले लिया है। मंगलवार को अपना रोड़ शो समाप्त कर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राजन सुशांत अपने समर्थकों सहित सीधे भवारना थाने पहुंच गए थे। उन्होंने वहां पर भाजपा के चार कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
वहीं, मंगलवार देर शाम को ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी राजन सुशांत और उनके कुछ समर्थकों के खिलाफ क्रास एफआईआर दर्ज करवा दी थी। बुधवार को भवारना पुलिस की एक टीम साक्ष्य जुटाने के लिए धीरा बाजार पहुंची।
वहां पर पुलिस ने लोगों व स्थानीय दुकानदारों से बातचीत कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया। जिला पालमपुर भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा ने राजन सुशांत पर रोड़ शो के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। उन्हाेंने कहा कि राजन सुशांत अपनी हार देख कर ओछी राजनीति पर उतर आए है।
वहीं आम आदमी पार्टी के कार्यालय प्रभारी रजिंद्र शर्मा ने कहा कि धीरा में हुई घटना भाजपा नेताओं में पैदा हुई बौखलाहट का नतीजा है। रजिंद्र शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी राजन सुंशात के रोड़ शो में अड़ंगा डालने की कोशिश की है। लोग इसका जवाब देंगे। उधर, भवारना थाना के एसएचओ राजकुमार ने कहा कि पुलिस मामले की तहकीकात करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले को लेकर धीरा गई थी।

Related posts