काम में लापरवाही ठेकेदार को पड़ी भारी

पौड़ी। खिर्सू-डबरूखाल-आदिबदरी मोटर मार्ग का सुधारीकरण कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता खराब होने पर एडीबी पौड़ी खंड के ईई ने उच्चाधिकारियों से काम करा रहे ठेकेदार का अनुबंध समाप्त करने की संस्तुति की। कार्य की प्रगति ठीक न होने पर उन्होंने संबंधित ठेेकेदार पर 55 लाख का जुर्माना लगा दिया है।
खिर्सू-डबरूखाल-आदि बदरी मार्ग राठ क्षेत्र के पिठुंडी, बुंखाल, चौरीखाल, स्योलीखंड सहित कई गांवों को पौड़ी मुख्यालय से जोड़ता है। वर्ष अप्रैल 2010 में एशियन डेवलपमेंट बैंक की वित्त पोषित योजना के तहत इसके विस्तारीकरण के लिए 15 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी। कार्य पूरा करने की तिथि जून 2012 निर्धारित की गई थी इसके बाद इसे बढ़ाकर मार्च 2013 कर दिया गया। विभाग के अनुसार कार्य पूरा करने की निर्धारित तिथि पूरा हुए कई माह बीत गए लेकिन अभी तक 60 फीसदी कार्य ही पूरा हो पाया है। मार्ग की हालत दयनीय बनी हुई है।लोनिवि एडीबी खंड पौड़ी अधिशासी अभियंता केएस नेगी ने बताया कि मार्ग में अभी तक मात्र 8.5 किमी पर ही डामरीकरण हुआ है जिसमें दो किमी तक हुए कार्य की गुणवत्ता खराब है। निर्माण की धीमी रफ्तार के देखते उन्होंने विभाग के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर ठेकेदार का अनुबंध समाप्त करने की संस्तुति की है।

इंसेट
कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई हो
शुक्र के पूर्व प्रधान कै . मातवर सिंह नेगी, विडोलस्यूं विकास समिति के अध्यक्ष सुल्तान सिंह नेगी ने कहा कि मार्ग में हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब है। निर्माण कार्य में लेटलतीफी हो रही है। उन्होंने शासन प्रशासन से कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

Related posts