काम भी सिखाएंगे, नौकरी भी दिलाएंगे

हल्द्वानी। नगर निगम क्षेत्र में रह रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नगर निगम कुल 400 युवाओं को अलग-अलग 16 कोर्सों में मुफ्त प्रशिक्षण देगा। इसमें 70 प्रतिशत युवाओं को रोजगार की गारंटी भी है। छह कोर्स ऐसे भी रखे गए हैं जिसमें शैक्षिक योग्यता की भी आवश्यकता नहीं है। रिटेलिंग में प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए 44 लोगों को चयनित किया गया है। अब 15 कोर्सों के लिए 366 युवाओं का चयन होना है। आवेदन फार्म नगर निगम में ही मिल रहे हैं।
नगर निगम जिन 16 कोर्सों का प्रशिक्षण देगा उन्हें तीन भागों में बांटा गया है। इसमें पहले छह कोर्सों के लिए न्यूनतम योग्यता हाईस्कूल, चार कोर्सों के लिए इंटरमीडिएट रखी गई जबकि छह कोर्सों में अनपढ़ लोग भी प्रशिक्षण लेकर नौकरी पा सकते हैं। यह सभी कोर्स छह महीने तक चलने हैं। हालांकि रोज प्रशिक्षण के घंटे बढ़ाकर इसका समय कम भी किया जा सकता है। प्रशिक्षण देने के लिए देहरादून की कंपनियों से अनुबंध किया जा रहा है। इसमें रिटेलिंग का प्रशिक्षण देने का काम शुरू हो चुका है। प्रशिक्षण केवल 18 से 35 वर्ष तक के युवाओं को मिलेगा।

यह हैं कोर्स
ट्रेवल एंड टूरिज्म गाइड
हास्पिटेलीटी
हाउस कीपिंग
रिटेलिंग फूड
मार्केटिंग
कंप्यूटर हार्डवेयर मैकेनिक
(हाईस्कूल पास योग्यता)
—————————
कंप्यूटर बेस्ड एकाउंटिंग
डाटा एंट्री आपरेटर
बीपीओ फार कॉल सेंटर
हास्पीटल एंड नर्सिंग होम असिस्टेंट
(इंटरमीडिएट पास)
———————–
ब्यूटी हेल्थ मैनेजमेंट
मैकेनिक एयर कंडिसन्स/रेफ्रिजरेन्स
मोबाइल रिपेयरिंग
फिटर
वेल्डर्स एयर गैस
सिविल कन्टेक्शन
(कोई शैक्षिक योग्यता नहीं)

हाईस्कूल मांगा, बीए पहुंच रहे
शहर में बेरोजगारी का आलम यह है कि हाईस्कूल पास नौकरी के लिए बीए पास युवाओं की लाइन लगी है। रिटेलिंग में जिन 44 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसकी न्यूनतम योग्यता हाईस्कूल है जबकि इसमें कई बीए पास युवा भी प्रशिक्षण ले रहे हैं।

Related posts