
नयनादेवी (बिलासपुर)। पुलिस थानों में काम कर रहे होमगार्ड जवानों की वित्तीय हालत ठीक नहीं चल रही है। काम की तो भरमार है, लेकिन पगार समय पर नहीं मिल रही। होमगार्ड जवानों का कहना है कि उनसे पुलिस के बराबर काम लिया जा रहा है। जब पगार देने की बारी आती है तो भेदभाव किया जाता है। होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने इस पर तल्खी जाहिर की है। होमगार्ड जवानों का कहना है कि जल्द पगार नहीं मिली तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पडे़गा।
बिलासपुर जिले में कई थानों में होमगार्ड जवानों की तैनात की गई है। कोट थाना में तैनात होमगार्ड के जवानों को अभी तक पगार नहीं मिल पाई है। जवानों का कहना है कि पगार देने का जिम्मा जब से पुलिस के पास दिया गया है, तब से समय पर भुगतान नहीं हो रहा है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विवेंद्र ठाकुर ने कहा कि पुलिस की लापरवाही के चलते कोट में ड्यूटी दे रहे होमगार्ड जवान आज भी पगार के लिए तरस रहे हैं। उनका कहना है कि इस बारे में थाना में भी बात की गई, परंतु कोई परिणाम नहीं आया। वेतन के समय पर नहीं मिलने से जवानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि होमगार्ड के जवानों को पूर्व की भांति होमगार्ड विभाग से ही वेतन की अदायगी की जाए। उधर, इस संदर्भ में एसपी बिलासपुर अनुपम शर्मा का कहना है कि बिल ट्रेजरी में है। जल्द ही भुगतान कर दिया जाएगा।
