काम किया है काम करेंगे : प्रतिभा सिंह

पतलीकूहल/नग्गर/ हरिपुर। मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने प्रचार तेज कर दिया है। शुक्रवार को उन्होंने मनाली विस क्षेत्र की ऊझी घाटी के जाणा, नग्गर, करजां और शूरू में चुनाव प्रचार किया। जनसभाओं में भारी भीड़ देख प्रतिभा सिंह उत्साह से लबालब नजर आईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बातें करने के बजाय काम में विश्वास रखती है। प्रतिभा ने अपने संबोधन में कहा कि काम किया है काम करेंगे, झूठे वायदे नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कुल्लू के विकास को करोड़ों रुपये जारी किए हैं। उन्होंने भाजपा पर देश को धर्म जाति और संप्रदाय में बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर के नाम पर राजनीति की, अब मूर्तियों के नाम पर लोहा और धन उगाही की जा रही है। प्रतिभा सिंह ने जहां, केंद्र की कांग्रेसनीत यूपीए सरकार के द्वारा किए विकास के कार्यों को गिनाया, वहीं आने वाले समय में कुल्लू-मनाली नेशनल हाइवे कोे सुधारने की बात भी कही। प्रतिभा सिंह के साथ प्रचार में मनाली कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, जिप अध्यक्ष हरिचंद शर्मा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष ममता ठाकुर, बंजार पंस अध्यक्ष प्रभा पालसरा, शारदा कटोच, रेणुका डोगरा, बलवीर राणा, रविंद्र शर्मा, लिहतू राम, लव किशोर, योगराज, लाल चंद, जितेंद्र गुप्ता, जयचंद कायस्था, निहाल ठाकुर, चेतराम नेगी, सतीश चंद, शंकर, निहाल ठाकुर, बलवीर सिंह जौनी और विजय ठाकुर समेत कई लोग डटे रहे।

Related posts