
नाहन (सिरमौर)। जिला भर में कानूनगो और पटवारखाना भवनों की हालत खस्ता है। अगर कई भवन बने भी हैं तो वहां पीने के पानी की कमी है। राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की जिला इकाई ने ऐसे भवनों में पानी की टंकी लगाने की मांग उठाई है। जिला संघ ने कहा है कि पटवारखानों और कानूनगो भवनों में पानी की टंकी लगवाने के लिए एक लाख 50 हजार का बजट प्रस्तावित था। इसके अलावा 123 टंकियों की आपूर्ति के आदेश भी दिए गए थे मगर इस मामले में अभी तक कुछ नहीं किया गया।
राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की जिला इकाई के प्रधान प्रदीप शर्मा और महासचिव नरवीर शर्मा ने राज्य सरकार से मांग की है कि ऐसे भवनों में संबंधित कर्मचारियों की सुविधा को देखते हुए तत्काल पानी की टंकियां लगाई जाएं। जिला इकाई ने तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की आवासीय स्थिति को दयनीय बताते हुए मांग की है कि ऐसे कर्मचारियों को भी अन्य कर्मचारियों की भांति अच्छी आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि ये कर्मचारी भी सम्मान का जीवन जी सकें। कर्मचारी महासंघ ने कहा कि विभिन्न अग्निशमन केंद्रों में दर्जनों पद खाली पड़े हैं। अगर इन पदों को भरा जाता है तो कई बेरोजगारों को रोजगार मिल सकता है।
