
हल्द्वानी। काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर नई शंटिंग लाइन बनाई है। इस लाइन का इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर ट्रेनों को खड़े करने के लिए भी हो सकेगा। शंटिंग लाइन बनने से गौला पार इलाके से घोड़ा-बुग्गी के जरिए अवैध खनन करने वालों पर भी रोक लग सकेगी।
काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर मानक के हिसाब से शंटिंग लाइन नहीं थी, ऐसे में स्टेशन के ट्रैक पर ही ट्रेनों को शंटिंग करनी पड़ती थी। जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता रहती थी। इसको देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने स्टेशन पर करीब आधा किलोमीटर तक (स्टेशन से कॉलटैक्स) तक ट्रैक बनाने की योजना बनाई। यह काम करीब-करीब पूरा हो गया है। रेलवे ने बिना ट्रैक बनाने के लिए मशीन और संसाधन के ही मैनुअल ही शंटिंग लाइन तैयार कर ली है। काठगोदाम रेलवे स्टेशन प्रबंधक सुनील यादव ने बताया कि शंटिंग लाइन बनने से ट्रेनों की बेहतर ढंग से शंटिंग हो सकेगी, इसके अलावा ट्रेनों को भी खड़ी करने में भी इसका इस्तेमाल हा सकेगा। ज्ञात हो कि कई दिन काठगोदाम स्टेशन पर रेलवे ट्रैक भरे होने के कारण देहरादून एक्सप्रेस को हल्द्वानी स्टेशन पर खड़ा करना पड़ जाता है। शंटिंग लाइन बनने से इस इलाके में अवैध खनन करने वालों पर भी रोक लग सकेगी। इसी स्थान के पास करीब डेढ़ साल पहले एक रेता-बजरी ले जाता एक ट्रक ट्रेन से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया था।
