काजा में न बिजली बहाल न सड़कें दुरुस्त

काजा (लाहौल स्पीति)। यहां मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते स्थानीय लोगों के साथ-साथ सैलानियों को भी भारी परेशानी हो रही है। सुविधाओं के अभाव में सैलानी यहां ज्यादा दिन नहीं रुक रहे हैं। इसका सीधा असर कारोबारियों के कारोबार पर भी पड़ रहा है।
15 जून को हुई भारी बारिश से बंद सड़कों को अभी तक बहाल नहीं किया जा सका है। वहीं स्पीति स्थित रौंगटौंग प्रोजेक्ट में मशीनों के खराब होने से काजा में बिजली आपूर्ति भी ठप पड़ी हुई है। इससे लोगों को अंधेरे में रातें काटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जबकि, लैंडलाइन फोन भी कई दिन से ठप पड़े हैं। यहां पर लगा एकमात्र एटीएम भी बंद पड़ा है। इससे यहां आने वाले सैलानियों और आम लोगों की परेशानियाें में और इजाफा हुआ है। घाटी में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण यहां जो सैलानी एक सप्ताह से दस दिन तक के पैकेज लेकर पहुंच रहे हैं, वे भी एक दो दिन में ही वापस लौट रहे हैं। सड़कों की हालत तो ऐसी है कि काजा से रिकांगपिओ आने के लिए रास्ते में तीन-चार दफा बस को बदलना पड़ रहा है, तब जाकर कहीं लोग रिकांगपिओ पहुंच रहे हैं। गियू पंचायत प्रधान अशोक कुमार, ताबो पंचायत प्रधान टाशी शैरी, सबोद कुमार, राज कुमार, नौरगू राम और तंडूप शैरिंग का कहाना है कि डंखर, ताबो तथा गियू पंचायत में 16 जून से बिजली की आपूर्ति पूर्ण रूप से ठप पड़ी है। इन लोगों का कहना है कि सरकार का स्पीति की ओर कोई ध्यान नहीं है। इसके चलते यहां जनजीवन पूर्ण रूप से अस्तव्यस्त हो चुका है। लोगों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि उनकी समस्याओं को जल्द दूर किया जाए।
होटल लीकरेज के मालिक यिशे छोपिल, स्पीति सराय होटल के मालिक रमेश और होटल स्पीति वैली के मालिक अजय ने कहा कि इस बार कारोबार में पचास फीसदी से ज्यादा कमी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि यह कमी यहां मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते आई है।

Related posts