कांस्टेबल पदोन्नति पर मेरिट का पेंच

धर्मशाला। हेडकांस्टेबल बनने का ख्वाब पाले कांगड़ा और चंबा के पुलिस आरक्षियों को झटका लग सकता है। नार्थ जोन से सिपाहियों की पदोन्नति के लिए बेशक 88 सिफारिशें पीएचक्यू शिमला को भेजी गई हैं। मगर, अब सेंट्रल जोन और साउथ जोन से प्रमोशन केलिए शर्तें पूरी करने वाले आरक्षी मेरिट में आते हैं, तो नार्थ जोन से कम संख्या में आरक्षी हेडकांस्टेबल बनेंगे। इसे नार्थ जोन आईजी कार्यालय ने भी स्पष्ट कर दिया है।
सेंट्रल जोन से पांच जिलों से प्रमोशन के लिए सिफारिशें भेजी गई हैं। वहीं, साउथ जोन से चार जिलों से प्रमोशन के लिए सिफारिशें आई हैं। नार्थ जोन में हेडकांस्टेबल की 61 रिक्तियां हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रमोशन के लिए 131 सिफारिशें चंबा, ऊना और कांगड़ा एसपी कार्यालय से आई थीं। इनमें 43 सिफारिशें आईजी आफिस में शर्तें पूरी न करने के कारण नामंजूर कर दी गईं। अब 88 सिफारिशों से भी प्रमोशन के दौरान छंटनी होने की आशंका है। पदोन्नति के लिए सेंट्रल जोन और साउथ जोन की सिफारिश आने के दौरान शर्तें पूरी करने वाले सिपाही मेरिट में रहे तो नार्थ जोन से हेडकांस्टेबल के लिए रिक्तियां कम हो सकती हैं। इससे नार्थ जोन से प्रमोशन लेकर हेडकांस्टेबल बनने का ख्वाब पाले कांस्टेबल को निराशा मिल सकती है। उधर, आईजी राकेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यालय से 88 सिफारिशें भेजी गई हैं। सेंट्रल जोन और साउथ जोन से सिफारिशें ज्यादा आने और मेरिट सूची में वहां के आरक्षी अगर आगे रहते हैं तो नार्थ जोन से प्रमोशन के लिए रिक्तयों की संख्या घट सकती है।

Related posts