
हल्द्वानी। कांवड़ यात्रा के चलते रोडवेज बसों के रूट में परिवर्तन किया गया है। यह बसें अब दिल्ली के लिए वाया मेरठ होकर जाएंगी। इस रूट से जाने पर दिल्ली की दूरी 69 किलोमीटर बढ़ जाएगी। साथ ही ज्यादा किराया भी देना होगा।
परिवहन निगम दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा 75 बसों का संचालन करता है। यह बसें रामपुर-मुरादाबाद-गजरौला होते हुए दिल्ली जाती है। यह रूट छोटा होने के साथ तुलनात्मक तौर पर बेहतर है, पर कांवड़ यात्रा के चलते शनिवार से रूट में बदलाव कर दिया गया। रोडवेज बसों को रुद्रपुर-काशीपुर-धामपुर-मेरठ होते हुए दिल्ली भेजा जा रहा है। इससे दिल्ली का सफर दो घंटे और बढ़ गया है। अब लोगों को दिल्ली पहुंचने में 10 से 11 घंटे लगेंगे। रूट बदलने की मार यात्रियों की जेब पर भी पड़ी है। रोडवेज ने दूरी बढ़ने पर किराया भी बढ़ा दिया है। अब सामान्य बस सेवा के लिए 247 से 299, हाईटेक 411 से 514, एसी 467 से 584 और वाल्वो का 680 से 927 हो गया है। आरएम नैनीताल एचएम डबराल कहते हैं कि कांवड़ यात्रा के चलते नए रूट पर सेवा पांच अगस्त की रात तक चलेगी। छह अगस्त से पुराने रूट से संचालित की जाएगी।
