
रुड़की। कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद अब पुलिस का सारा ध्यान चोर और बदमाशों को पकड़ने में होगा। करीब 20 दिन से पुलिस कांवड़ मेले में व्यस्त थी। चोरी और लूट के कई मामले हैं जिनका खुलासा करना अभी बाकी है। अधिकारियाें की ओर से भी इन मामलों का खुलासा करने के लिए थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को कांवड़ यात्रा निर्विघ्न संपन्न कराने के बाद पुलिस फिलहाल सुस्ताने के मूड में नहीं दिख रही। क्योंकि शहर में चोरी और लूट के कई मामले ऐसे हैं जो काफी समय से लंबित चल रहे हैं। सेंधमारी की घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस की साख दांव पर लगी है। ऐसे में पुलिस का सारा ध्यान अब सेंधमारी और लूट की वारदात खोलने की तरफ रहेगा। सिविललाइंस और गंगनहर कोतवाली में ऐसे कई मामले पिछले कुछ दिनों से फाइलों में धूल फांक रहे हैं। पुलिस अधिकारियों की ओर से लंबित मामलों के खुलासे के निर्देश प्रभारियों को दिए गए हैं। एसपी देहात अजय सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद अब पुलिस का सारा ध्यान लंबित मामलों के खुलासों की तरफ रहेगा। इसके लिए कोतवाली प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
