
जोशीमठ। बृहस्पतिवार को जोशीमठ पहुंचकर पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक ने आपदा प्रभावितों की कुशलछेम पूछी और उत्तराखंड में हुई त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग उठाई। पत्रकार वार्ता में डा. निशंक ने कहा कि सौ करोड़ से अधिक हिंदुओं के आस्था के प्रतीक चार धाम आपदा के चलते खतरे की जद में है और सरकार आंख मूंदे बैठी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि वर्तमान सरकार का प्रबंधतंत्र पूर्ण रुप से विफल हो गया है। अगर सरकार समय रहते आवश्यक कदम उठा लेती तो हजारों जानें बचाई जा सकती थी। उन्होंने सरकार से आपदाग्रस्त क्षेत्रों में त्वरित राहत सामग्री और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
