
शिमला। कांग्रेस घोषणापत्र में किए गए वायदों पर नजर रखने और इन्हें अक्षरश: लागू करवानेे के लिए हिमाचल में पार्टी की मैनिफेस्टो कमेटी बनाई जाएगी। यह कदम कांग्रेस आलाकमान के आदेश के बाद उठाया जा रहा है। कांग्रेस की राज्य प्रभारी अंबिका सोनी इसकी इंचार्ज होंगी।
इस कमेटी का नाम समन्वय एवं घोषणापत्र कार्यान्वयन समिति होगा। इसके पदाधिकारियों की नियुक्ति जल्द की जाएगी। यह कमेटी अभी तक की सरकार की लागू की गई घोषणाओं की समीक्षा करेगी। यह सरकार से तमाम घोषणाओं को लागू करवाने के लिए क्रियाशील रहेगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बताया कि हाईकमान के आदेश पर इस तरह की एक कमेटी का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व की कांग्रेस सरकार और पार्टी संगठन में बहुत अच्छा तालमेल है। मुख्यमंत्री पार्टी की एक-एक घोषणा को लागू कर रहे हैं। कौशल विकास भत्ता योजना को लागू करना, विद्यार्थियों के लिए मुफ्त यात्रा जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णयों को सरकार आठ महीने के कार्यकाल में ही लागू कर चुकी है।
इनसेट
सरकार ने भी बनाई है मैनिफेस्टो कमेटी
शिमला। राज्य सरकार ने पहले से ही मैनिफेस्टो कमेटी बना रखी है। इस कमेटी की अध्यक्ष बागवानी तथा मंत्री विद्या स्टोक्स हैं। यह कमेटी अब तक कई बैठकें भी कर चुकी है। कांग्रेस की मैनिफेस्टो कमेटी राज्य सरकार से बाहर पार्टी संगठन की अपनी कमेटी होगी।
