कांग्रेस ने भाजपा पर किया पलटवार

रामपुर बुशहर। विधायक नंदलाल के ननखड़ी ब्लाक के दौरे को मंडी उप चुनाव से जोड़ने जाने पर कांग्रेसी बुरी तरह बौखला उठे हैं। कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि विधायक ननखड़ी उप चुनाव के बहाने नहीं, बल्कि लोगों की समस्या सुनने गए हैं। ब्लाक कांग्रेस के प्रेस सचिव कृष्ण गोपाल भारद्वाज और पंचायत समिति उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने लोगों को गुमराह करने के लिए विधायक के दौरे को जबरन मंडी उप चुनाव से जोड़ा है। जबकि, हकीकत यह है कि विधायक लोगों की समस्याएं सुनने यहां के गांव-गांव के दौरे पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि सर्दी में इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक नुकसान हुआ, बावजूद इसके विधायक नंदलाल ने विभागों को निर्देश देकर रिकार्ड समय में लोगों को समस्या से निजात दिलाई। भाजपा के कार्यकाल में थोड़ी बर्फबारी होने पर ही सड़कें बहाल करने में महीनों लग जाते थे। उन्होंने मंडल भाजपा अध्यक्ष को सलाह दी है कि वह अनापशनाप बयानबाजी न करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह विकास पुरुष हैं और वह अपने गृहक्षेत्र के विकास की ओर बराबर ध्यान दे रहे हैं। जहां तक विधायक नंदलाल का सवाल है, तो उन्हें विकास के मामले में भाजपा को प्रमाण पत्र देने की कोई आवश्यकता नहीं है।

Related posts