
रामपुर बुशहर। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के गृह क्षेत्र में बुधवार को भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हल्ला बोला। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस ने केवल बदले की भावना से काम किया है। इसके चलते रामपुर के ननखड़ी में खोला गया कालेज तक बंद कर दिया गया। लोगों को मिलने वाले सस्ते राशन पर भी कैंची चलाई गई है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी एकजुटता के साथ काम करने की नसीहत दी।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, प्रवक्ता अजय राणा और उपाध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले युवाओं को रोजगार भत्ता देने की बात कही थी, जो आज तक पूरी नहीं हो पाई। लेकिन, इसके बदले कांग्रेस ने लोगों को मिलने वाले सस्ते राशन में जरूर कटौती कर डाली। इसके अलावा विभन्न योजनाओं के नाम बदले गए। वहीं, देश के पूर्व प्रधानमंत्री के फोटो छपे बैग लोगों को राशन के साथ देना बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे तो एक ओर सोनिया गांधी के फोटो छाप दे, लेकिन लोगों के पैसे से बने उक्त बैग बर्बाद न करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जीत हासिल करने के लिए एकजुट होकर लोकसभा चुनाव में काम करें। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती के अलावा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा, पार्टी प्रवक्ता अजय राणा, पूर्व मंत्री एवं विधायक जय राम ठाकुर, संगठन मंत्री पवन राणा, संगठन मंत्री मंडी संसदीय क्षेत्र शिशु भाई धर्मा, रामपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह विष्ट और पूर्व में रहे भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह द्रैक सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।
