कांग्रेस चार्जशीट जांच से निर्दोष न घबराएं : वीरभद्र

शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है। शीघ्र ही पार्टी प्रचार अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस का प्रयास है कि पार्टी उम्मीदवारों का चयन जल्द हो, जिससे चुनाव प्रचार को पर्याप्त समय मिल सके। ये प्रयास किए जाएंगे कि केंद्रीय चुनाव समिति शीघ्र ही पार्टी प्रत्याशियों का ऐलान कर दे, जिससे विकट भौगोलिक परिस्थितियों वाले पहाड़ी राज्य में चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया जा सके। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
उन्हाेंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ब्लॉक और जिला स्तर पर पूरी तरह सक्रिय है। बीते साल कांग्रेस सरकार ने विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को नई दिशा और गति दी है। इसके बलबूते कांग्रेस पार्टी चारों लोकसभा सीटों पर भारी मतों से जीत दर्ज करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चार्जशीट पर जारी जांच को लेकर निर्दोष लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। जिन लोगाें ने कुछ गलत नहीं किया है, उन्हें जांच कार्य से घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार किसी को नाजायज तंग नहीं करेगी। जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उनको बख्शा नहीं जाएगा। फोन टैपिंग मामले पर जांच लगभग पूरी हो चुकी है और इसमें जल्द ही चालान पेश कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में एचपीएमसी किसानों से सीधे खरीद कर लोगों को सस्ती सब्जियां उपलब्ध करवाएगी।

इनसेट
केजरीवाल का धरने पर बैठना अशोभनीय
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के धरने पर बैठने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री या मंत्री का धरने पर बैठना शोभनीय नहीं है। यह प्रजातंत्र के खिलाफ है। बेहतर यही है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अपनी मांगों या शिकायतों के समाधान को लेकर केंद्र सरकार से बातचीत का रास्ता अपनाएं। किसी भी मुख्यमंत्री को विरोध का रास्ता नहीं अपनाना चाहिए।

Related posts