
भोरंज (हमीरपुर)। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक आईडी धीमान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उद्घाटनों का इतना ही शौक है तो खुद भवन तैयार करवाएं। उसके बाद भवनों का उद्घाटन करें। भोरंज में मिनी सचिवालय का काम अधूरा होते हुए भी कांग्रेस ने उद्घाटन कर दिया। उद्घाटन के तीन माह बाद भी भवन में एक भी कार्यालय शिफ्ट नहीं हो पाया है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जल्दबाजी में भवन का उद्घाटन किया है। धीमान टिक्करी मिन्हासां पंचायत में सुंगरवाड़ में करीब दो लाख रुपये की लागत से बने युवक मंडल भवन का उद्घाटन करने के बाद जनता को संबोधित कर रहे थे। धीमान ने कहा कि कांग्रेस नेता भोरंज में आकर आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं। धीमान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की कार्यप्रणाली समझ से परे है। कांग्रेस के कुछ नेता जिन्होेंने आज तक कोई चुनाव नहीं जीता वे स्कूलों में जाकर भवन निर्माण की घोषणाएं कर रहे हैं। धीमान ने सुंगरवाड़ में नाली निर्माण के लिए 60 हजार रुपये, आंगनबाड़ी केंद्र व सामुदायिक भवन सुंगरवाड में सीढ़ियों के निर्माण के लिए दस हजार रुपये स्वीकृत किए। मंडलाध्यक्ष दलबीर ठाकुर, महामंत्री अशोक ठाकुर, विपिन अग्निहोत्री, अनिल शर्मा, रमेश चंद, हेतराम, करतार ठाकुर, ज्ञान चंद, प्रकाश चंद, भागीरथ, सीता राम, परस राम, राजिंद्र सिंह, जैसी राम, युवक मंडल प्रधान बलजीत शर्मा, विक्रम वर्मा, वार्ड सदस्य प्रेमी देवी, महिला मंडल प्रधान मोनिका ठाकुर, कमला वर्मा, लाजो देवी, प्रतापी देवी, पुष्पा देवी, सलोचना, निशा, रोशनी देवी, कौशल्या देवी, लीला देवी, कलावंती, ब्यासा देवी आदि उपस्थित रहे।
