
बालीचौकी (मंडी)। मंडी संसदीय उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने रविवार को अपने गृह क्षेत्र की कई पंचायतों में चुनाव प्रचार किया। ग्राम पंचायत कलहणी के कुटलाधार में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता टिकट मांगने के लिए दिल्ली और शिमला जाते हैं, जबकि भाजपा ने उन्हें स्वयं टिकट दिया है। उपचुनाव में भाजपा को पूरे संसदीय क्षेत्र से भारी समर्थन मिल रहा है। जिससे कांग्रेस को अपनी हार सामने दिख रही है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पूरा परिवार और मंत्री भी चुनाव प्रचार में लगे हैं। उन्होंने कहा कि सराज क्षेत्र के कुछ कांग्रेसी नेता मर्यादाओं को तोड़ कर ओछी राजनीति पर उतर आए हैं, लेकिन उनके गलत प्रचार से कोई फर्क नहीं पड़ता है।
मंडी जिले के नेतृत्व को खत्म करने के लिए वीरभद्र का योगदान रहा है। पहले पूर्व मंत्री ठाकुर कर्म सिंह, उसके बाद पंडित सुख राम और अब ठाकुर कौल सिंह के नेतृत्व को उन्होंने चुनौती दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि वह सराज को छोड़कर नहीं जाएंगे। विधानसभा में भी मुकाबला महिला से था और संसदीय उपचुनाव में भी महिला से है। उन्होंने सराज क्षेत्र की जनता से आह्वान किया कि लीड के मामले में सराज विधानसभा पीछे नहीं रहना चाहिए। सभी विस क्षेत्रों से सबसे अधिक लीड सराज से ही मिलनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर बेरोजगारों को गुमराह करने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस ने बेरोजगारी भत्ता देने के नाम पर बेरोजगारोें को ठगा है तथा पीटीए अध्यापकों को भी झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के विधायक बलदेव तोमर, जिला परिषद सदस्य पितांबर ठाकुर, भाजपा महासचिव गुलजारी लाल, भाजपा जिला कमेटी सदस्य रजनी ठाकुर और भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष चेतना तथा पंचायत समिति सराज के पूर्व अध्यक्ष झाबे राम आदि मौजूद रहे।
