
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर जिला भाजपा ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार तथा भाजपा नेताओं के विरुद्ध बदला-बदली की भावना से दर्ज किए जा रहे झूठे मामलों के विरोध में प्रदर्शन किया। बाद में एसडीएम एचएस राणा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से एसडीएम कार्यालय तक कांग्रेस सरकार के खिलाफ रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। रैली में धर्मपुर के विधायक एवं पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, नाचन के विधायक विनोद कुमार, कर्नल इंद्र सिंह, पूर्व विधायक हीरा लाल, इंद्र सिंह, दिले राम, प्रदेश उपाध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा और जिलाध्यक्ष राकेश जंबाल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की वीरभद्र सिंह सरकार बदला-बदली, राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है।
लोकतांत्रिक मूल्यों को दरकिनार कर तानाशाही तरीके से काम किया जा रहा है। भाजपा नेताओं को बदनाम करने के लिए उनके विरुद्ध झूठे मामले बनाए जा रहे हैं। राकेश जंबाल ने कहा कि वीरभद्र सरकार टेलीफोन टैपिंग का राग अलाप कर भाजपा नेताओं को बदनाम करने तथा असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। 15-16 साल पुराने मामलों में गढ़े मुर्दे उखाड़ने का कार्य किया जा रहा है। पूर्व सरकार के समय के कार्यों को जांच के नाम पर खंगाला जा रहा है। एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग ठाकुर की लोकप्रियता से डरी कांग्रेस सरकार होटल पवेलियन तथा अन्य कारणों का हवाला देकर झूठे केस बना रही है।
