कांग्रेस की बैठक में चुपके-चुपके हंगामा

हल्द्वानी। कांग्रेस जिला कार्यकारिणी की बैठक में कार्यकर्ताओं ने नेताओं पर जमकर भड़ास निकाली। करीब 5 घंटे तक चली चर्चा में सभी नेताओं को कोसते रहे और दून से आए पर्यवेक्षक उन्हें शांत कराने में जुटे रहे। पर्यवेक्षक धीरेंद्र प्रताप को भी एक बार गुस्से का सामना करना पड़ा लेकिन वरिष्ठ नेताओं के समझाने पर मामला शांत हो गया। इसके बावजूद हर वक्ता ने वरिष्ठ नेताओं में चल रही लड़ाई पर नाराजगी जताते हुए इसे पार्टी को कमजोर करने वाला कदम बताया। हालांकि अंत में मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव लड़ने के प्रस्ताव पर बैठक खत्म हुई।
स्वराज आश्रम में करीब 12 बजे जिला कार्यकारिणी की बैठक शुरू हुई। शुरुआत से कार्यकर्ताओं के तेवर कड़े दिखाई दिए। भीमताल कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष खष्टी राघव और जिला महामंत्री राजेंद्र नेगी ने दून से आए पर्यवेक्षकों को खूब खरीखरी सुनाई। खष्टी राघव ने कहा कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं की लड़ाई से कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है। राहुल गांधी के आश्वासन के बावजूद पार्टी में आम कार्यकर्ता की हालत नहीं सुधरी। जिला महामंत्री राजेंद्र नेगी ने कहा कि पार्टी के नेताओं को अनर्गल बयानबाजी की लत लग रही है जो कि गलत है। इससे कांग्रेस की छवि कमजोर हुई है। उन्होंने निकाय चुनाव में नेताओं की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए। नेगी के विचार व्यक्त करने के दौरान ही कार्यकर्ता धीरेंद्र के उस बयान पर सवाल पूछने लगे जो उन्होंने 13 जून को देहरादून में दिया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि विकास की बात करने वाले विधायकों को बागी कहना गलत है। किस-किस को नोटिस दोगे, सबको पार्टी से बाहर करो जैसी आवाजें बैठक में जमकर गूंजी।
हालांकि बैठक का अंत सुखद रहा। वहां मौजूद सभी नेता और कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में कमर कसकर जुटने का आह्वान किया। तय किया गया कि हर महीने जिला इकाइयां और ब्लाक इकाइयां बैठक करेंगी और जनता को विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। बैठक में कांग्रेस नेता शेर सिंह नौलिया, रामनगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अकरम, शिवराज सिंह रावत, सतीश नैनवाल, हल्द्वानी शहर अध्यक्ष हरीश मेहता, आनंद पांडे और जिले के सभी ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मौजूद रहे।

बैठक में नेता बोले
देहरादून से आए पर्यवेक्षक धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि अब तक जो हुआ सो हुआ अब सबको मिलकर काम करना है। विजय सारस्वत ने अब तक के घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने खुशी जताते हुए कि अब सारी समस्याओं पटाक्षेप हो चुका है। सभी विधायक अपने क्षेत्रों में जो चुके हैं और विकास कार्यों में तेजी आए। सांसद केसी बाबा ने कहा कि कांग्रेस शासन में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन को लेकर भी प्रयास तेज किए गए हैं।

Related posts