कांग्रेस की एचपीसीए कब्जाने की मंशा : अनुराग

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। एचपीसीए अध्यक्ष और सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की मंशा एचपीसीए को कब्जाने की है। इसके लिए प्रदेश सरकार हर तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में बने द पवेलियन होटल के निर्माण में विभागों से एनओसी लेकर तमाम औपचारिकताओं को पूरा किया गया है। इसको लेकर पहले ही न्यायालय में जांच चल रही है, इसके बावजूद एचपीसीए के खिलाफ एफआईआर दर्ज होना न्यायालय की अवमानना है।
उन्होंने शुक्रवार को शक्तिपीठ ज्वालाजी में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में राजनीतिक षड्यंत्र रचा जा रहा है। पवेलियन होटल के निर्माण में कुछ भी गलत नहीं हुआ है, यह जांच में स्पष्ट हो जाएगा। अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा कि बदले की भावना से काम करने के बजाय सरकार को महंगाई की मार से तड़प रही प्रदेश की जनता को डिपुओं में चीनी सहित सस्ता राशन व किसानों से जुड़ी योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इस अवसर पर उनके साथ शिमला से विधायक सुरेश भारद्वाज व मंदिर अधिकारी सुरिंद्र शर्मा और ज्योति शंकर शर्मा मौजूद रहे।

Related posts