
रामपुर बुशहर। गौरा जोन के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जन समस्याओं को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को आयोजित बैठक में कांग्रेसियों ने चेतावनी दी है कि अगर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक इस्तीफा दे देंगे। इनका कहना है कि समस्याओं की ओर ध्यान न देने से उन्हें जनता को जवाब देना मुश्किल हो गया है।
गौर जोन कांग्रेस के अध्यक्ष संसार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि समूह क्षेत्र में समस्याओं का अंबार लगा है। जनता कई परेशानी से जूझ रही है। लोगाें की समस्याएं सीपीएस एवं विधायक के समक्ष कई बार उठाई जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक जनता को कोरे आश्वासन ही मिले हैं। जोन अध्यक्ष ने कहा कि समस्याएं हल न किए जाने पर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोग जब उनसे पूछते हैं कि काम क्यों नहीं हो रहा है, तो जवाब देना मुश्किल हो जाता है। जनता के मुद्दों की अनदेखी के कारण आने वाले लोकसभा चुनाव पर असर पड़ना तय है। जब लोगों की समस्याएं हल नहीं होंगी, तो वे कांग्रेस को क्यों वोट देंगे। बैठक में मुख्यमंत्री से मांग उठाई कि तमाम समस्याओं का समाधान को जल्द प्रभावी कदम उठाया जाएं। अन्यथा, वे अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा देंगे। बैठक में महासचिव सुरेंद्र बेष्टू, प्रेस सचिव विनोद चौहान, सलाहकार गोपाल पटियाल, मानदासी मेहता, आशा पटियाल, अजय राणा, ओम प्रकाश नेगी, प्रेेम बखरान, सोहन लाल, धनी राम आदि मौजूद रहे।
यह हैं प्रमुख समस्याएं
कोटी-कापटी, मघारा-मशनू, फूंजा-उच्ची, मशनू-दारनघाटी सड़कें बदहाल।
उचित मूल्य की दुकानों पर राशन समय पर नहीं पहुंच रहा।
गांवों में बिजली के जर्जर खंभे नहीं बदले जा रहे।
डोबी में पुलिस चौकी खोलने की मांग पूरी नहीं हुई।
