
चिन्यालीसौड़। नगर पंचायत चिन्यालीसौड़ में शासन की ओर से नामित तीनों सभासद उक्रांद के होने पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने अपनी ही पार्टी के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने इस निर्णय पर पुनर्विचार न किए जाने पर आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी के विरुद्ध कार्य करने का ऐलान किया।
बीते रोज शासन से नामित किए गए सभासदों की सूची जारी हुई। नवगठित चिन्यालीसौड़ नगर पंचायत में तीनों नामित सभासद उक्रांद के कार्यकर्ता हैं। इससे यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है। ब्लाक कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सीएम से फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की। ऐसा न होने पर उन्होंने लोकसभा चुनाव में अपनी ही पार्टी को सबक सिखाने का ऐलान किया। बैठक में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रतन सिंह राणा, भगवती प्रसाद नौटियाल, प्रकाश चंद रमोला, बलवीर रांगड़, चरण कलूड़ा, पीतांबर जोशी और विजलदास आदि मौजूद थे। नगर पंचायत अध्यक्ष कांग्रेस नेता शूरवीर सिंह रांगड़ ने कहा कि यह शासन का निर्णय है। इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
