कांगरी में आग की भेंट चढ़ा रिहायशी मकान

भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के अंतर्गत गांव कोट कांगरी में मनशा देवी पत्नी विशंभर दास के रिहायशी मकान में घटी आगजनी घटना में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। साथ ही करीब 60 हजार रुपये की नकद राशि भी आग की भेंट चढ़ गई। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कांगरी गांव में मनशा देवी के रिहायशी मकान में अचानक लग गई। देर रात्रि हुई इस आगजनी घटना की एकाएक ही आसपास के लोगों को भी इसकी सूचना मिल गई। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। तब तक मकान का एक कमरा पूरी तरह से जलकर राख हो गया था। कमरे में रखा हुआ फ्रीज, टीवी, बैड, घरेलू सामान के अलावा नकद राशि भी जलकर राख हो गई। घटना की सूचना प्रधान रणजीत सिंह द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उधर, बताया जा रहा है कि मनशा देवी बीमार रहती है। डाक्टरों ने उन्हें आपरेशन की सलाह दी थी। ऑपरेशन के लिए रखी करीब 60 हजार रुपये की राशि भी इस आगजनी घटना में जलकर राख हो गई है। मनशा देवी आईआरडीपी परिवार से संबंधित है। क्षेत्र के लोगों ने सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा राशि देने का आग्रह किया है।
उधर, थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगा रही है। इस आगजनी घटना में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

Related posts