कांगड़ा रेल में दो युवकों से लूटपाट

बैजनाथ/पपरोला (कांगड़ा)। कांगड़ा घाटी रेल में लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह अब तक का पहला बड़ा मामला सामने आया है। पठानकोट से काउंसलिंग के बाद रेलगाड़ी में वापस घर को लौट रहे दो युवकों से लूटपाट कर मोबाइल, नगदी और जरूरी दस्तावेज ले उड़े। घटना के संबंध में बैजनाथ पुलिस में शिकायत की गई है। उसे रेलवे पुलिस को रेफर किया जा रहा है। हालांकि रेलवे को फोन पर सूचना दी गई है।
लूटपाट के शिकार नगेहड़ निवासी तुषार कटोच पुत्र रणवीर कटोच ने बताया कि वह अपने अन्य साथी बैजनाथ निवासी निशांत के साथ पठानकोट से ट्रेन से शाम चार बजे पपरोला आ रहे थे। वीरवार देर रात करीब 11 बजे उनके डिब्बे में मौजूद छह युवकों ने उनसे मारपीट की और उनके मोबाइल फोन, नगदी और आवश्यक दस्तावेज लेकर पपरोला रेलवे स्टेशन से करीब दो सौ मीटर पीछे सुनसान स्थान पर छलांग लगा कर अंधेरे में गायब हो गए। तुषार ने बताया कि लुटेरों में से तीन लोग मारंडा से पीछे से उनके साथ थे और तीन लोग पंचरुखी रेलवे स्टेशन पर उनके डिब्बे में सवार हुए। डिब्बे में सवार एक साधु से भी मारपीट की गई। कांगड़ा स्थित रेलवे पुलिस के इंस्पेक्टर शफ्फी मोहम्मद ने बताया कि दूरभाष पर घटना की सूचना मिली है। लिखित रूप में शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। रणवीर कटोच ने बताया कि घटना के संबंध में रेलवे पुलिस को लिखित शिकायत की जा रही है। वहीं, बैथनाथ पुलिस थाना प्रभारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि शिकायत मिली है। इसे रेलवे पुलिस को सौंपा जाएगा।

Related posts