
कांगड़ा में भी कर्मचारी संघ दोफाड़
एक धड़े ने टांडा और दूसरे ने कांगड़ा में करवाए चुनाव
प्रदेश स्तरीय सियासत कर्मचारियों पर भारी
कांगड़ा में दो धड़ों ने बनाईं कार्यकारिणियां
अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। उपमंडल कांगड़ा में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ दोफाड़ हो गया। मंगलवार को निर्धारित उपमंडल स्तरीय चुनाव में एक धड़े ने कांगड़ा में तो दूसरे ने टांडा में बैठक कर कार्यकारिणी गठित की। प्रदेश स्तर पर दो गुटों में विभाजित कर्मचारी महासंघ ने यहां भी चुनाव आयोजित करवाकर समानांतर इकाइयां खड़ी कर दीं। कांगड़ा में जहां महासंघ की कमान लोनिवि में कार्यरत महेंद्र चौधरी को सौंपी गई तो टांडा में जगजीत काला को अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी दी गई।
दोनों धड़ों के हुए चुनावों में दोनों धड़े अपने नेता को मान्य मान रहे हैं। गुरुद्वारा सिंह सभा कांगड़ा के सभागार में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष बालकृष्ण कपूर, संयोजक चंद्राभ मिश्रा व चुनाव अधिकारी उदय राणा की अध्यक्षता में आयोजित चुनाव में महेंद्र चौधरी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। रविंद्र कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नरेंद्र कुमार को महासचिव, रमेश कुमार, सुमन धीमान, सुमन चौधरी को कर्मचारी महासंघ का उपाध्यक्ष चुना गया। चुनाव अधिकारी उदय राणा ने बताया कि यह कार्यकारिणी वर्ष 2015 तक मान्य रहेगी। कार्यकारिणी के गठन का अधिकार प्रधान महेंद्र चौधरी को दिया गया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेंद्र चौधरी ने कहा कि सभी अराजपत्रित कर्मचारियों को साथ उनकी समस्याओं का सरकार से समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
टांडा में सौंपी जगजीत को कमान
उधर, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ उपमंडल कांगड़ा के दूसरे धड़े के चुनाव टांडा में जिला अध्यक्ष अजय खट्टा की अध्यक्षता में हुए। इसमें जगजीत काला को कांगड़ा उपमंडल का सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। नरेंद्र दत्ता को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रवेश कुमार को महासचिव चुना गया। चुनाव अधिकारी सुभाष चंद व पर्यवेक्षक रश्म राणा व मिलाप भंडारी ने बताया कि नवगठित कार्यकारिणी वर्ष 2015 तक मान्य होगी। जिला अध्यक्ष अजय खट्टा ने कहा कि सभी विभागों के कर्मचारियों ने एकजुट होकर सर्वसम्मति से कांगड़ा उपमंडल अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की कार्यकारिणी का गठन किया गया है। कार्यकारिणी का विस्तार नवनिर्वाचित अध्यक्ष जगजीत काला करेंगे।
मनकोटिया ने लड़ी हकों की लड़ाई : मिश्रा
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के संयोजक चंद्राभ मिश्रा ने बताया कि उन्होेंने कांगड़ा में चुनाव करवाएं हैं। दूसरे गुट के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि दूसरे गुट से उनका कोई लेना देना नहीं है। क्योंकि कर्मचारियों के हित के बारे में मनकोटिया गुट ने बेहतर कार्य किया है।
गुटबाजी से हैं दूर : अजय खट्टा
वहीं दूसरे धड़े के जिलाध्यक्ष अजय खट्टा का कहना है कि वह गुटबाजी से दूर हैं तथा ब्लॉक स्तर के चुनावों के बाद ही वह उपमंडल स्तरीय चुनाव करवा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा कि कार्यकारिणी का दोबारा से चुनाव करवाकर गठन होना चाहिए। उन्होंने बिना चुनाव के शिमला से ही जिलाध्यक्ष बनाने की आलोचना की।
