
पालमपुर/संसारपुर टैरेस। जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग जगहों पर दो युवकों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पहला मामला पालमपुर में जबकि दूसरा जिला के सीमांत क्षेेत्र संसारपुर टैरेस में सामने आया है।
पालमपुर में न्यूगल कैफे के पास एक युवक ने सोमवार देर शाम गहरी खाई में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और न ही युवक से कोई सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार शहर पालमपुर के एक युवक ने न्यूगल कैफे आईमा (पालमपुर) में सोमवार देर शाम गहरी खाई में छलांग लगा दी। इससेउसकी मौके पर मौत हो गई। घटना का पता चलते ही शव को कड़ी मशक्कत के बाद न्यूगल खड्ड के पानी से निकाला गया। बताया जाता है कि अरुण कुमार (29) सोमवार देर शाम मोटरसाइकिल लेकर कहीं चला गया। उसके घर न लौटने पर उसके परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया तो उसका मोटरसाइकिल न्यूगल कैफे के पास मिला। लेकिन वह नहीं मिला। जब उसके परिजनों ने तड़के सुबह उसे ढूंढा तो उसका शव नीचे गहरी खाई के पास पड़ा मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। एसआई सुभाष शास्त्री के नेतृत्व मेें टीम मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी सरवन सिंह ने कहा कि पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। अविवाहित अरुण पालमपुर में फोटो स्टूडियो चलाता था।
उधर, पुलिस चौकी संसारपुर टैरेस के तहत पंचायत रिड़ी के बख्शीश सिंह पुत्र रतन चंद (32) ने भी जहरीला पदार्थ निगल कर इहलीला समाप्त कर ली है। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बख्शीश सिंह कुछ दिनों से दिमागी परेशानी से गुजर रहा था। घटना की जानकारी मिलते स्थानीय पंचायत के उपप्रधान शमशेर सिंह भी पंचायत के प्रतिनिधियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के परिजनों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस चौकी को दी, जिस पर थाना देहरा के एएसआई यशपाल ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाने की व्यवस्था की। इस संदर्भ में एएसआई यशपाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। बख्शीश सिंह एक स्थानीय फैक्ट्री में काम करता था। वह अपने पीछे अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटे को छोड़ गया है।
