
धर्मशाला। प्रशिक्षित टीजीटी बेरोजगारों को जल्द नौकरी का अवसर मिलने वाला है। प्रारंभिक उपनिदेशक कार्यालय धर्मशाला में प्रशिक्षित स्नातक नॉन मेडिकल, मेडिकल तथा कला अध्यापकों के 21 नवंबर से साक्षात्कार लिए जाएंगे। इसमें विभिन्न श्रेणियों के बैकलॉग की बैचवाइज भर्ती की जाएगी।
कांगड़ा के जिन उम्मीदवारों ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में सीधे तौर पर आवेदन किया था अथवा जिनके नाम संबंधित रोजगार कार्यालय की ओर से मनोनीत किए गए हैं। उनके साक्षात्कार लिए जाएंगे। 21 नवंबर को टीजीटी कला विषय के साक्षात्कार होंगे। टीजीटी मेडिकल के 22 तथा 23 नवंबर को तथा नॉन मेडिकल के 25 और 26 नवंबर को साक्षात्कार होंगे। जिले के कुल 348 पात्र टीजीटी प्रशिक्षित अध्यापकों ने आवेदन किया है। जिनमें से 276 पिछले साल के हैं। चालू वर्ष में महज 72 पात्र उम्मीदवारों ने ही आवेदन किया है। टीजीटी कला के 73 पात्र उम्मीदवार, नॉन मेडिकल के 159 तथा मेडिकल के 116 उम्मीदवार शामिल हैं। जिनके निर्धारित तिथि पर उपनिदेशक कार्यालय स्थित धर्मशाला में साक्षात्कार लिए जाएंगे। साक्षात्कार के दौरान प्रार्थी को सभी डाक्यूमेंट लाना अनिवार्य होंगे। शिक्षा उपनिदेशक भजन सिंह ने कहा कि उम्मीदवारों को साक्षात्कार पत्र भेजे जा रहे हैं। 20 नवंबर तक पत्र न मिलने की सूरत में अभ्यर्थी उपनिदेशक कार्यालय में आकर जानकारी प्राप्त कर सकता है।
