कांगड़ा में जून से उड़ान भरेगा स्पाइस जेट

आखिरकार डीजीसीए (डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन) ने गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट में स्पाइस जेट के 80 सीटर बंबार्डियर एयरो प्लेन को उतारने की हरी झंडी दे दी है।

गगल हवाई अड्डे पर 7 जून से स्पाइस जेट की 80 सीटर विमान सेवा शुरू होगी। इस सेवा के साथ ही गगल हवाई अड्डे पर नियमित उड़ानों की संख्या एक से बढ़कर दो हो जाएगी।

गगल एयरपोर्ट के निदेशक कुलदीप शर्मा तथा एटीसी राजीव सिन्हा ने स्पाइस जेट को मंजूरी मिलने की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि स्पाइस जेट कंपनी को गगल हवाई अड्डे पर अपनी विमानन सेवाएं शुरू करने के लिए विमानन महानिदेशालय दिल्ली ने 28 मई को स्वीकृति दी है।

इसकी सूचना गगल हवाई अड्डा प्रशासन को दिल्ली मुख्यालय द्वारा फैक्स के माध्यम से भेजी गई है। वहीं, कंपनी की तरफ से प्राप्त सूचना के अनुसार कंपनी सात जून से अपनी सेवाएं देना शुरू कर देगी।

समयसारिणी दो तीन दिन में तय कर ली जाएगी। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि 80 सीटर विमान कितनी सवारियां लेकर आएगा। चूंकि, कंपनी को हवाई अड्डे पर रिफ्यूलिंग की व्यवस्था भी खुद करनी होगी।

स्पाइस जेट वर्ष के शुरू में भी यहां विमान सेवाएं शुरू करने को लेकर गंभीर था, लेकिन सफल ट्रायल के बावजूद किन्हीं कारणों से यह उड़ान लटकी हुई थी।

इसके बाद करीब आठ माह बाद 15 मई को एयर इंडिया 48 सीटर विमान की नियमित उड़ान शुरू हुई। 80 सीटर विमान सेवा शुरू होने से उच्च वर्ग के पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

Related posts