कांगड़ा में इस बार बंपर गेहूं

पालमपुर (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा में इस बार गेहूं की बंपर पैदावार हुई है। इससे किसानों के चेहरों पर रौनक देखी जा सकती है। हालांकि कृषि विभाग के पास अभी जिले के निचले इलाकों में गेहूं की फसल के उत्पादन के आंकड़े आए हैं। लेकिन पंचरुखी के कुछ इलाकों को छोड़ दें तो ऊपरी इलाकों में भी इस बार गेहूं की फसल बंपर बताई जा रही है।
इस समय जिले के निचले क्षेत्रों में गेहूं करीब-करीब निकाल ली गई है। जबकि इन दिनों ऊपरी इलाकों में गेहूं की थ्रेशिंग चली हुई है। आने वाले दिनों में ऊपरी इलाकों में मौसम साफ रहा तो किसानों के खेतों से सोना बरसेगा। लेकिन कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दो दिनों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं खासकर इस साल चंगर इलाकों में गेहूं की फसल बेहतर बताई गई है। इसका कारण इस बार सही समय पर बारिश का होना बताया गया है। कृषि विभाग की मानें तो इस बार गेहूं की बंपर फसल का कारण मौसम अनुकूल रहना है। साथ ही जिले के निचले इलाकों परागपुर व देहरा के इलाकों में पीला रतुआ बीमारी के लक्षण देखे गए थे, उस पर शुरू में ही नियंत्रण पा लिया था।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डा. बीएल शर्मा ने कहा कि विभाग के पास अभी तक नूरपुर, इंदौरा, फतेहपुर, परागपुर इलाकों से आए आंकड़ों के मुताबिक गेहूं की फसल में 20 प्रतिशत उत्पादन की बढ़ोतरी दिखाई गई है। जबकि जिला के ऊपरी इलाकों में भी गेहूं की फसल बेहतर आंकी गई है।

दो दिन में हो सकती है हल्की बारिश
कृषि विवि के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डा. राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि आने वाले दो दिनों में कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, ऊना समेत कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि कांगड़ा में सबसे अधिक 5.10 मिमी बारिश हो सकती है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वह गेहूं काटकर साथ ही थ्रैशिंग करवाएं। अन्यथा उसका सुरक्षित भंडारण करें।

Related posts