
इंदौरा (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री ने गंगथ विधानसभा क्षेत्र के मंगवाल में जनसभा के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के समग्र विकास के प्रति कृतसंकल्प है। कांगड़ा जिले में विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मंगवाल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरंभ करने की संभावनाओं को तलाशने के निर्देश दिए। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने छौंछ खड्ड तटीकरण परियोजना के शिलान्यास के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। कहा कि धर्मशाला शहर के लिए 21 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है, जिससे शहर के लगभग 50 हजार लोग लाभान्वित होंगे। पूर्व विधायक बोध राज, पूर्व मंत्री विक्रम कटोच तथा पूर्व सांसद चंद्र कुमार ने भी जनसभा को संबोधित किया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि छौंछ खड्ड के तटीकरण से नूरपुर उपमंडल के 35 गांवों की 1382 हेक्टेयर भूमि को बाढ़ के खतरे से निजात मिलेगी। जनसभा में पूर्व युकां अध्यक्ष एवं खादी बोर्ड के सदस्य सचिव मनमोहन कटोच, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया, मालेंद्र राजन, पूर्व मंत्री विक्रम सिंह कटोच आदि मौजूद रहे।
मगरमच्छों पर नकेल कसना आता है
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि जैसे एक मछली सारे तालाब को गंदा कर देती है, वैसे ही एक नेता अपनी पार्टी के लोगों को खराब करने में लगे हुए हैं। यह नेता आम मछली नहीं बल्कि बड़े मगरमच्छ हैं। लेकिन, कांग्रेस पार्टी को बड़े मगरमच्छों पर नकेल डालना भलीभांति आता है।
