
धर्मशाला। कांगड़ा जिले में भारी वर्षा एवं भूस्खलन से अब तक 104 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसमें सर्वाधिक लोक निर्माण विभाग को 72 करोड़ तथा सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग का 31 करोड़ 58 लाख शामिल है। उपायुक्त सी पालरासू ने मंगलवार को यहां कांगड़ा जिला में भारी वर्षा से हुई क्षति का आकलन करने के लिए आयोजित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन तैयार है और सभी आवश्यक प्रबंध कर दिए गए हैं।
भारी वर्षा एवं भूस्खलन से जिला में 634 स्थानों पर सड़कों को नुकसान पहुंचा है। लेकिन विभाग द्वारा संपर्क सड़कों को बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करके वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाया गया है। इसके अतिरिक्त भारी वर्षा से अनेक पेयजल योजनाओं को क्षति पहुंची है परंतु जिला में पेयजल आपूर्ति को सामान्य बना दिया गया है। जिला में 33 मकानों एवं 13 गौशालाओं को क्षति पहुंची है, जिसमें सर्वाधिक नुकसान बैजनाथ उपमंडल में 23 मकान एवं 7 गौशालाओं को हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करवा दी गई है। जिला में कार्यरत सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को राहत के लिए राशि उपलब्ध करवाई गई है, जिससे किसी भी आपदा के समय अधिकारी मौके पर जाकर प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करवा सकें।
मशीनरी तैयार रखने के आदेश
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य आरंभ करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि वह अपनी मशीनरी एवं मानवशक्ति को हर समय तैयार रखें। सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि उपमंडल स्तर पर बचाव दल का तुरंत गठन किया जाए तथा सभी सदस्यों के दूरभाष, मोबाइल नंबर का व्यापक तौर से प्रचार और प्रसार किया जाए। उन्होंने उपमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के भी निर्देश दिए।
पौंग को लेकर भी अलर्ट जारी
उपायुक्त ने कहा कि जवाली, नूरपुर, देहरा, जयसिंहपुर के एसडीएम को निर्देश दिए कि वह पौंग डैम अथवा पंडोह डैम से छोड़े जाने वाले पानी के बारे में संबंधित परियोजना के अधिकारियों से संपर्क बनाए रखें। पानी छोड़ने की सूचना मिलने से पहले ब्यास नदी के किनारे स्थित अनेक गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा जाए।
यहां दे सकते हैं सूचना
जिला स्तर पर लोगों की सुविधा के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 01892-224987, 229278 है। टॉल फ्री नंबर 1077, पुलिस टॉल-फ्री नंबर-100, फायर ब्रिगेड 101 नंबर, एंबुलेंस सेवा 108 नंबर तथा राज्य नियंत्रण कक्ष का टॉल फ्री नंबर 1070 स्थापित किया गया है, जहां पर कोई भी व्यक्ति आपदा के समय सहायता के लिए सूचना दे सकते हैं। इसी प्रकार कोई भी व्यक्ति पुलिस के मोबाइल नंबर- 9459100100 पर भी संदेश भेज सकते हैं। आपातकालीन कक्ष क्षेत्रीय अस्पताल, धर्मशाला का दूरभाष नंबर-01892-222133 तथा टांडा मेडिकल कॉलेज का दूरभाष नंबर 01892-267495 है। इसके अतिरिक्त सेना कार्यालय धर्मशाला के नियंत्रण कक्ष का नम्बर 01892-221912 पर भी आपदा संबंधी सूचना दी जा सकती है।
