
कांगड़ा। विधायक पवन काजल ने कांगड़ा शहर के लिए 17.42 करोड़ रुपये की पेयजल योजना शुरू करवाने का ऐलान किया है। इस योजना से शहर के लोगों को 24 घंटे पेयजल की सुविधा होगी। योजना स्वीकृत करवाकर कांगड़ा पहुंचे काजल ने यह जानकारी पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों से लटकी सीवरेज परियोजना के लिए चार करोड़ रुपये मंजूर हो चुके हैं। 31 दिसंबर 2014 तक शहर में सीवरेज योजना जनता को समर्पित कर दी जाएगी। उन्होंने तहसील चौक से फोर्टिस अस्पताल तक फुटपाथ का कार्य शीघ्र शुरू करने की बात कही। आरोप लगाया कि पूर्व में रही भाजपा सरकार ने महज झूठे शिलान्यास कर जनता को धोखे में रखा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सत्ता संभालते ही पेयजल योजना के लिए 17.42 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। इस योजना के तहत दो कलेक्शन सेंटर बनेंगे। इनकी क्षमता 27 लाख 17 हजार लीटर होगी। परियोजना निर्माण के दौरान गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अब कांगड़ा के लिए मुख्यमंत्री से डिग्री कॉलेज भी मांगा जाएगा। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन वर्मा, उद्योग विभाग के निदेशक अजय वर्मा सहित प्रेम बरसोला, ठाकुर मुलतान सिंह, रोशन लाल सिहोंतरा, रवि शंकर और ब्लॉक कांग्रेस सचिव अश्वनी शर्मा मौजूद रहे।
