कांगड़ा कृषि उत्पाद मंडी समिति गठित

धर्मशाला। प्रदेश सरकार ने जिले के लिए कृषि उत्पाद मंडी समिति के गठन की अधिसूचना हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि एवं बागवानी उत्पाद विपणन अधिनियम-2005 के तहत जारी की है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (कृषि) ने बताया कि कांगड़ा के उपायुक्त इसके उपाध्यक्ष, कृषि, बागवानी तथा पशुपालन विभागों के उप निदेशक, कृषि विज्ञान केंद्र कांगड़ा के प्रभारी एवं मंडी समिति कांगड़ा के सचिव इसके पदेन सदस्य होंगे। फतेहपुर तहसील के गांव हड़ा के राजेंद्र सिंह, शाहपुर के गांव ग्रोडा के इकबाल सिंह, जयसिंहपुर के गांव सरी के महिंद्र राणा, पालमपुर के गांव धीरा के सुनील शर्मा, कांगड़ा के केवल सिंह चौधरी, इंदौरा के गांव बड़ूखर के जगमोहन सिंह, ज्वालामुखी के राजेंद्र सिंह राणा, ज्वाली के भट्ट गांव के सूबेदार मेहर सिंह और धर्मशाला के सुक्कड़ के प्रदीप चौधरी इसके गैर सरकारी उत्पाद सदस्यों के रूप में शामिल किए गए हैं। शाहपुर तहसील के रैत के उत्तम सिंह चौधरी को इस समिति के गैर सरकारी व्यापारी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि सभी गैर सरकारी सदस्य सरकार की सहमति तक समिति के सदस्य बने रहेंगे। तमाम पदेन अधिकारी अपने पद पर बने रहने की अवधि के दौरान समिति के पदेन सदस्य बने रहेंगे। यह समिति अपने सदस्यों में से किसी एक को अपने अध्यक्ष के रूप में चुनेगी।

जसौली में मिला बेलदार का शव
नूरपुर (कांगड़ा)। इलाके के जसौली में एक व्यक्ति का शव मिला है। शव की पहचान पलकार सिंह पुत्र हरनाम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को होगा। मृतक आईपीएच विभाग में बेलदार के पद पर कार्यरत था।

Related posts