कहीं 29 घंटे तो कहीं 17 घंटे बिजली गुल

हरिद्वार/पथरी। ग्राम भट्टीपुर स्थित बिजली घर से जुडे़ लगभग बीस गांव के ग्रामीणों को सोमवार की रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। ग्राम शाहपुर, बादशाहपुर, भुवापुर चमरावल, नसीरपुरकलां, रानीमाजरा, धारीवाला आदि के ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की सुबह छह बजे बिजली आपूर्ति ठप हुई थी जो कि मंगलवार दोपहर ग्यारह बजे आपूर्ति बहाल हुई। गांव में बिजली न होने से ग्रामीण परेशान रहे। एसडीओ अंजीव राणा ने बताया कि बिजली घर की मशीनों में खराबी होने से व्यवस्था ठप हुई। जिसे कर्मचारियों ने ठीक कर दिया था।
वहीं ग्राम गाडोवाली, जमालपुर कलां व आसपास के गांव में सोमवार की रात दो बजे से मंगलवार देर शाम तक बिजली न होने से उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। ग्रामीण इकबाल, मौ. अली, शाहिद हसन, जावेद आदि ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में बिजली की अघोषित कटौती अभी भी हो रही है। रोजाना कम से कम छह सात घंटे की कटौती की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कभी कभी तो सोलह सत्रह घंटे तक बिजली नहीं आती। इस समय रोजे चल रहे हैं जिसमें बिजली न होने से अधिक दिक्कत हो रही है। सुबह के समय तड़के ही बिजली भगा देते हैं। जिससे सहरी और शाम को भी बिजली न होने से रोजा इफ्तारी में भी रोजेदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिजल न होने से नलों में पानी नहीं आ रहा और न ही गांव पानी की टंकी भरी जा रही है।

– तेज बारिश के कारण सुबह तीन बजे बिजली घर में फाल्ट आ गया था। उसे सुबह आठ बजे कर्मचारियों ने ठीक कर दिया था। उसके बाद सिल्ट आने पर चिला पावर हाउस भी बंद किया गया। धरासू पावर हाउस पहले से ही बंद किया गया था। जिसके कारण क्षेत्र में दिक्कत आ रही है। देर शाम तक सब ठीक हो जाएगा और आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
– गौरव शर्मा, अधिशासी अभियंता ऊर्जा निगम ग्रामीण

Related posts