कहीं सेहत न बिगाड़ दे ये धूल

ठियोग (रामपुर बुशहर)। मौसम बदलते ही ठियोग में जनता की परेशानी बढ़ गई है। यहां एनएच पर धूल के उठते गुब्बार से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऊपरी शिमला का मुख्यद्वार कहलाने वाले ठियोग में रही घाट से लेकर जनो घाट तक धूल ही धूल है। इसके चलते एनएच किनारे मिठाइयों और सब्जी की दुकानों से लेकर खानपान की सभी दुकानों के लिए धूल परेशानी का कारण बनी हुई है। हालांकि लोगों ने कई बार सड़क पर पानी के छिड़काव की भी प्रशासन से मांग की। लेकिन लोगों की मांग के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्र के लोगों में पंकज शर्मा, मोहन, रमेश और बस के लिए खड़े सूरत राम, एनएच पर कारोबार करने वाले सुनील, अश्वनी चांदला, कपिल शर्मा, राघव जोशी, वरुण मल्होत्रा, सुनील ग्रोवर, प्रशांत मित्तल, मोहन डोगरा, सुंदर गुप्ता, गौरव सदर आदि ने प्रशासन से मांग की है कि दिन में दो बार टैंकर से सड़क पर पानी का छिड़काव कर जनता को राहत दी जाए। सड़क की खस्ता हाल के कारण लोग धूल खाने के लिए मजबूर हैं। एनएच 22 को सर्दी से पहले ही ठीक किया गया था, लेकिन भारी बर्फबारी से सड़क के हालत फिर खराब हो गई है। जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
इधर, एसडीएम ठियोग एमआर भारद्वाज ने कहा कि जल्द ही एनएच, आईपीएच और नगर परिषद के साथ बैठक का आयोजन कर इस समस्या को दूर किया जाएगा।
ये रोग हो सकते हैं धूल से
ठियोग में तैनात विशेषज्ञ डा. दलीप टेक्टा ने बताया कि आए दिन ओपीडी में धूल के कारण होने वाले रोगों के मामले अधिक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि धूल के कारण गले का इंफेक्शन, अस्थमा, दमा, आई इंफेक्शन और नीजल एलर्जी जैसे रोग होते हैं।

Related posts