
रामपुर बुशहर। सरकारी तंत्र की लापरवाही के चलते निरमंड क्षेत्र के सैकड़ों युवा सेना की भर्ती में भाग लेने से वंचित रह सकते हैं। कुल्लू में 22 मई से होने वाली सेना की भर्ती के लिए निरमंड तहसीलदार कार्यालय में युवाओं ने हिमाचली और चरित्र प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर रखा है। वहीं प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण युवाओं को अभी तक हिमाचली प्रमाण पत्र नहीं दिए जा सके हैं। युवाओं में इस बात को लेकर खासा रोष है कि इस संबंध में पूछने पर कभी कंप्यूटर खराब तो कभी इंटरनेट नहीं चलने की बात कहकर उन्हें अगले कल आने का कहा जाता है। 22 मई को भर्ती हैं और ऐसे में उन्हें 21 मई को प्रमाणपत्र हर हालत में चाहिए होगा। उक्त प्रमाण पत्र न होने के कारण वे भर्ती में भाग नहीं ले पाएंगे।
युवाओं में प्रमोद, जय सिंह, मोहन, परमार, शेर सिंह, रवि और कर्ण सिंह का कहना है कि निरमंड तहसील में हिमाचल और चरित्र प्रमाण पिछले दो दिनों से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनके प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। निरमंड में तैनात कर्मचारी अभी कंप्यूटर खराब तो कभी इंटरनेट न चलने की बात कह कर प्रमाण पत्र नहीं बना रहे हैं। 21 मई को कुल्लू के ढालपुर खेल मैदान में भारतीय सेना द्वारा खुली भर्ती का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन उन्हें अभी तक प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहा है। ऐसे सैकड़ों युवा हैं जो प्रमाण पत्र मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं इस मामले में तहसीलदार निरमंड सूरज नेगी का कहना है कि पिछले दिन रविवार होने के कारण प्रमाण पत्र नहीं बन पाए। प्रशासन सेना में भर्ती में भाग लेने वाले युवाओं को प्रमाण पत्र देने में लगा हुआ है।
