कहीं नालियां तो कहीं सड़कें खस्ताहाल

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। नगर पंचायत क्षेत्र देहरा में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नगर पंचायत के हर वार्ड की गलियों में गड्ढे ही गड्ढे पड़ गए हैं, जिसके कारण लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है।
शहर के वार्ड नंबर-एक में नाले में आए पानी के तेज बहाव में दलित बस्ती की सड़क बह गई और दो दिन पहले भी दो बाइक व एक स्कूटर पानी के बहाव में बह गए। वार्ड नंबर दो अमरपुरी के संपर्क मार्ग पानी से क्षतिग्रस्त हो गए। वार्ड नंबर तीन में व्यास पुल के पास वाला संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है और इसी वार्ड में तीन घरों में दरारें आ गई हैं और दो घर धंस गए हैं। वार्ड नंबर चार में सड़क कई जगहों पर धंस गई है व टायरिंग भी उखड़ गई है। जबकि चार घरों में दरारें आ गई हैं। वार्ड नंबर छह की गलियों में एक-एक फुट के गड्ढे पड़ गए हैं और पुलियां दरक गई हैं। वार्ड नंबर सात को शहर से जोड़ने वाला पुल पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके अलावा इस वार्ड में मेन सड़क पर भी गड्ढे पर पड़ गए हैं। नगर पंचायत अध्यक्षा सुनीता कुमारी व उपाध्यक्ष सुरिंद्र ठाकुर का कहना है कि बारिश से शहर के हर वार्ड में लाखों का नुकसान हुआ है। नगर पंचायत रास्तों व गलियों की मरम्मत के लिए जल्द कदम उठाने जा रही है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के घरों को नुकसान पहुंचा है। वहां पर राजस्व विभाग की टीम मौका पर जाकर नुकसान का जायजा ले रही है।

Related posts